‘रियो ओलम्पिक दिखेंगे सिर्फ 2 रूसी एथलीट’

मास्को, 3 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) के नवीनतम मानक के तहत रूस के केवल दो एथलीट रियो ओलम्पिक-2016 की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकते हैं। रूसी ओलम्पिक समिति (ओसीआर) के कानून विशेषज्ञ एलेक्जांद्र ब्रिलियानतोवा ने रविवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी तास ने ब्रिलियानतोवा के हवाले से कहा, “आईएएएफ के 17 जून से लागू नए नियमों के मुताबिक केवल दो रूसी एथलीटों को आगामी ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने का अवसर मिल सकेगा।”

उन्होंने कहा, “अगर खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) हमारे आवेदन को स्वीकृति देता है, तो आईएएएफ के ये नए नियम रद्द हो जाएंगे और खिलाड़ियों को ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने की अनुमति मिल जाएगी।”

उन्होंने कहा कि यदि सीएएस रूसी एथलीटों की याचिका पर संतुष्टि जताता है तो आईएएएफ को अपने वर्तमान मानदंड की समीक्षा करनी पड़ सकती है।

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाख ने 21 जून को कहा था कि ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले सभी रूसी एथलीटों को राष्ट्रीय ध्वज के तहत प्रतिस्पर्धा की अनुमति दी जाएगी, क्योंकि वह रूसी ओलम्पिक समिति (आरओसी) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आरओसी पूर्ण रूप से आईओसी का सदस्य है।

विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के स्वतंत्र आयोग ने पिछले साल नवम्बर में अखिल रूसी एथलेटिक्स संघ (एआरएएफ), मॉस्को डोपिंग रोधी प्रयोगशाला, रूसी डोपिंग रोधी एजेंसी (रुसाडा) और रूसी खेल मंत्रालय की गतिविधियों की जांच की रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

इस जांच रिपोर्ट में कई एथलीटों और खेल अधिकारियों पर डोपिंग और अंतर्राष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा था।

इसके कारण आईएएएफ ने एआरएएफ की सदस्यता को निलंबित करने का फैसला किया था और नए नियम जारी किए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493