हसीना ने ढाका हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी (लीड-1)

ढाका, 4 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने ढाका के एक कैफे में शुक्रवार को हुए हमले में जान गंवाने वालों के प्रति सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस हमले में 20 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें अधिकांश विदेशी थे। बंधकों को छुड़ाने के लिए 12 घंटे तक चले अभियान में दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई।

ढाका में गुलशन क्षेत्र के एक लोकप्रिय रेस्तरां होली आर्सियन कैफे में आतंकवादियों ने 40 लोगों को बंधक बना लिया था, जिनमें से 20 की उन्होंने जान ले ली। इस हमले में इटली के नौ, जापान के सात, बांग्लादेश के दो, बांग्लादेश में जन्मे एक अमेरिकी नागरिक और एक भारतीय किशोरी की हमलावरों ने हत्या कर दी।

इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) और भारतीय उपमहाद्वीप में मौजूद अल कायदा दोनों ने ली है।

‘बीडीन्यूज 24’ के मुताबिक, इस दुखद घटना को लेकर घोषित राष्ट्रीय शोक के दूसरे दिन सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मृतकों के शवों पर पुष्पचक्र अर्पित किए और कुछ देर के लिए मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। हसीना ने राष्ट्रपति अब्दुल हामिद की ओर से पुष्प अर्पित किए, क्योंकि वह इस समय भूटान दौरे पर हैं।

आर्मी स्टेडियम में आयोजित इस श्रद्धाजंलि समारोह के बाद हसीना मृतकों के रिश्तेदारों से मिलीं। इस प्रक्रिया के दौरान ही मृतकों के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।

इस घटना में छह हमलावर मारे गए, जबकि एक को जिंदा गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।

हमले में मारे गए विदेशी नागरिकों के ताबूतों को एक ऊंचे स्थान पर रखा गया। वहां भारत, इटली, बांग्लादेश, जापान और अमेरिका के झंडे लगे थे।

इस समारोह में पीड़ितों के रिश्तेदार, मित्र और अन्य लोग मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए। इस दौरान भारत, इटली, अमेरिका और जापान के राजदूतों ने भी मृतकों को श्रद्धाजंलि अर्पित की।

हमले में मारी गई भारतीय युवती के शव को आज सुबह उसके रिश्तेदार ले गए। वहीं, इटली के नौ नागरिकों के शवों को दोपहर तक सौंप दिया गया और सात जापानी नागरिकों के शवों को भी शाम तक सौंप दिया जाएगा।

रेस्तरां में ये सभी 20 बंधक मृत पाए गए थे। 13 बंधकों को मुक्त करा लिया गया था।

ताबूतों को ले जाने के लिए पास ही एंबुलेंस भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493