इस्तांबुल हमला : संदिग्ध रूसी और किरगिज नागरिक हिरासत में

इस्तांबुल, 4 जुलाई (आईएएनएस)। यहां के कमाल अतातुर्क हवाई अड्डे पर हुए आतंकी हमले के सिलसिले में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से संबंध होने के संदेह में तुर्की की पुलिस ने एक रूसी और एक किरगिज नागरिक को हिरासत में लिया। मीडिया रपट से यह जानकारी मिली।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार दोनों यूक्रेन से आए और हवाईअड्डे पर पकड़े गए।

समाचार एजेंसी दोगान के अनुसार इन लोगों के कब्जे से चार थर्मल दूरबीन, तीन सैन्य सूट, अलग-अलग नामों से दो पासपोर्ट, तीन किरगिज पहचान पत्र और पांच जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए गए।

गत 28 जून को हवाई अड्डे पर आत्मघाती बम हमले के संबंध में इस्तांबुल की एक अदालत ने रविवार को चार विदेशी नागरिकों समेत 13 संदिग्धों को रिमांड पर भेज दिया।

तुर्की के प्रधानमंत्री बिनाली यिलदिरिम ने पहले घोषणा की थी कि गत मंगलवार को हवाई पर हुए हमले के सिलसिले में पुलिस ने 29 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

हवाई अड्डे पर तीन आत्मघाती हमलावरों ने भीड़ पर गोलियां बरसाईं और बाद में विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया था। इस घटना में कुल 45 लोग मारे गए थे, जबकि करीब 200 लोग घायल हुए थे।

तीनों आत्मघाती हमलावरों की पहचान उजबेक, रूसी और किरगिज नागरिकों के रूप में हुई थी।

हालांकि किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन तुर्की के अधिकारियों ने इसके लिए आईएस को जिम्मेदार ठहराया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493