नेपाल में हो रही भारी बारिश और बहराइच में हुई मूसलाधार बारिश के बाद घाघरा नदी का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही घाघरा नदी ने महसी तहसील क्षेत्र के गांवों में कहर बरपाना शुरू कर दिया है।
महसी तहसील क्षेत्र के गोलागंज टेपरी निवासी रमेश सिंह और निरंजन सिंह का मकान रविवार शाम कटान के चलते नदी में समाहित हो गए। वहीं कायमपुर गांव के अस्तित्व पर भी खतरा मडराने लगा है।
कायमपुर गांव में लगभग 110 के आसपास मकान थे। नदी ने पहले ही 72 घरों को अपने आगोश में ले लिया है।
रविवार की शाम कायमपुर गांव निवासी कृपाराम का मकान नदी में कट गया। गांव निवासी सांवली प्रसाद और सुमिरन के मकान को भी नदी ने निशाने पर ले लिया है। कटान की सूचना ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को दी है। लेकिन अभी तक किसी राजस्वकर्मी ने गांवों में जाकर मुआयना नहीं किया है। ग्रामीण पलायन को मजबूर हो रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि घाघरा नदी पर पूरी नजर रखी जा रही है। अभी तक बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है। नदी की कटान में जो मकान समाहित हुए हैं, उनकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन से मांगी गई है।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को कटान पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath