मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खैलार निवासी सादिक की 25 वर्षीय बेटी सविस्ता बानो तीन वर्ष पूर्व मोहल्ले के एक स्कूल में पढ़ाती थी। सविस्ता के पिता के अनुसार, जिस स्कूल में उसकी बेटी पढ़ाती थी, उसी स्कूल में उनके पड़ोसी का बेटा शानू पढ़ने जाता था। इसी दौरान शानू ने उसकी बेटी सविस्ता से दोस्ती कर ली। शानू उससे इकतरफा प्यार करने लगा।
जब इसकी जानकारी सविस्ता को हुई तो उसने शानू से दूरी बनाना शुरू कर दिया। उसकी बेरुखी देख शानू उसे परेशान करने लगा। इसी बीच सविस्ता का दो-तीन जगह से शादी के लिए रिश्ता आया। लेकिन शानू ने उन रिश्तों को यह कहते हुए नहीं होने दिया कि सविस्ता उसकी प्रेमिका है। शानू की दीवानगी से सविस्ता काफी परेशान रहने लगी। काफी समझाने के बाद भी शानू अपनी जिद पर अड़ा था।
परिजनों के अनुसार, पिछले दिनों फिर सविस्ता के लिए एक रिश्ता आया था। शानू ने फिर रिश्ता लेकर आए लोगों को गुमराह कर दिया। यह बात सविस्ता बर्दाश्त नहीं कर पाई।
सोमवार सुबह सविस्ता नहाने की कहकर बाथरूम चली गई। काफी देर तक जब वह बाथरूम से नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। देखा कि सविस्ता फांसी पर झूल रही थी।
परिजन उसे उतारकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने इसकी लिखित शिकायत बीएचईएल चौकी पुलिस से की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शानू के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
dharmpath.com dharmpath