प्रो कबड्डी लीग : बंगाल को हरा टाइटंस ने हासिल की पहली जीत

हैदराबाद, 4 जुलाई (आईएएनएस)। तेलुगू टाइटंस ने स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के चौथे संस्करण में सोमवार को अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए सीजन की पहली जीत दर्ज की। टाइटंस ने एकतरफा मुकाबले में बंगाल वॉरियर्स को 35-18 से मात दी।

इस जीत के बाद टाइटंस आठ टीमों की अंकतालिका में सातवें स्थान पर आ गई है। वहीं, बंगाल की टीम तालिका में सबसे नीचे चली गई।

टैकल से आठ अंक अर्जित करने वाले टाइटंस के संदीप धुल को मैन ऑफ द मैच और डिफेंडर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। रेड से 10 अंक हासिल करने वाले राहुल चौधरी को रेडर ऑफ द मैच चुना गया।

बंगाल की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती दिखी। मेजबान टीम ने जब अपने खाते में नौ अंक जोड़ लिए तब मेहमान टीम को अपना पहला अंक मिल सका। पहले हाफ के बाद टाइटंस ने 15-8 से बढ़त ले ली थी।

दूसरे हाफ में भी मैच का नजारा नहीं बदला और टाइटंस ने आसानी से अपनी पहली जीत दर्ज की। टाइटंस ने रेड से अपने खाते में 18 अंक जुटाए वहीं बंगाल की टीम रेड से नौ अंक ही हासिल कर सकी। टैकल से टाइटंस ने 13 और बंगाल ने छह अंक हासिल किए।

बंगाल को एक भी ऑल आउट अंक हासिल नहीं हुआ जबकि टाइटंस के हिस्से में चार ऑल आउट अंक आए। हालांकि, बंगाल की टीम अतिरिक्त अंक के मामले में टाइटंस से आगे रही। उसके हिस्से में तीन अतिरिक्त अंक आए, लेकिन टाइटंस की टीम एक भी अतिरिक्त अंक हासिल नहीं कर पाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493