केरल : मुख्यमंत्री के वकील ‘लॉटरी किंग’ की ओर से पेश, कांग्रेस खफा

तिरुवनंतपुरम, 5 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की केरल इकाई ने मंगलवार को ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज किए गए मामले में वकील के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता एम. के. दामोदरन के पेश होने पर चिंता जताई है।

दामोदरन मुख्यमंत्री पिन्नराई विजयन के नजदीकी माने जाते हैं और एसएनसी लवलीन मामले में उनके वकील भी रह चुके हैं।

विजयन ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में वी.एस. अच्युतानंदन के कार्यकाल के दौरान मार्टिन के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच का विरोध किया था।

राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष वी.एम. सुधीरन ने कहा, “यह अस्वीकार्य है कि मुख्यमंत्री के वकील ऐसे व्यक्ति के वकील के रूप में पेश हुए हैं, जिसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।”

विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने कहा, “यह गलत है कि मुख्यमंत्री के वकील मार्टिन के वकील के रूप में पेश हुए हैं। यह रहस्यपूर्ण है।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन ने कहा, “मुख्यमंत्री के वकील मार्टिन की ओर से पेश हुए हैं। इससे यह साबित होता है कि माकपा (मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) और मार्टिन के बीच कोई सांठगांठ है।”

इससे पहले कांग्रेस ने माकपा पर मार्टिन से पैसे लेने का आरोप लगाया था। खबरों के मुताबिक, हंगामे के बाद माकपा ने पैसे लौटा दिए थे।

कुछ साल पहले जब कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी मार्टिन के वकील के रूप में पेश हुए थे, तब माकपा ने भी इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेर लिया था।

मार्टिन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज किए गए मामले के अलावा केरल में भूटान के लॉटरी टिकट बेचे जाने को लेकर भी कई मामले चल रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493