हैदराबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना सरकार ने मंगलवार को आरोप लगाया है कि आंध्र प्रदेश सरकार ने अनैतिक तरीके से कारोबार सहूलियत (ईओडीबी) रैंकिंग के लिए केंद्र सरकार को सौंपे गए तेलंगाना के ऑनलाइन आवेदन की चोरी की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तेलंगाना सरकार ने साइबर अपराध पुलिस में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है।
साइबर अपराध पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद वेबसाइट से संबंधित जानकारी एवं कॉपीराइट टेम्पलेट की चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
तेलंगाना का आरोप है कि कानून विभाग द्वारा 28 जून को वाणिज्यिक अदालत शुल्क एवं प्रक्रिया शुल्क के ऑनलाइन भुगतान के लिए तैयार किए गए और केंद्र सरकार के औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) को कारोबार सहूलियत रैंकिंग के लिए भेजे गए आवेदन को आंध्र सरकार ने चुरा लिया।
तेलंगाना अधिकारियों ने बताया कि आंध्र सरकार के अधिकारियों ने यहां तक कि तेलंगाना के आवेदन में हुई मात्रिक अशुद्धियों तक को ज्यों का त्यों कॉपी कर लिया।
तेलंगाना के उद्योग मंत्री के. टी. रामाराव ने केंद्र सरकार के समक्ष मामले को उठाते हुए तुरंत केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण को एक चिट्ठी भेजी।
dharmpath.com dharmpath