मैनचेस्टर सिटी, 6 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के कोच जोस मोरिन्हो ने प्रतिद्वंद्वी क्लब आर्सेनल के कोच आर्सेन वेंगर पर अप्रत्यक्ष हमला बोला है।
उन्होंने विपक्षी कोच पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ क्लबों ने पिछले 10 वर्षो में एक भी बड़ा खिताब नहीं जीता है।
चेल्सी ने पिछले सत्र में खराब प्रदर्शन के बाद मोरिन्हो को निकाल दिया था। इसी के बाद वह युनाइटेड के साथ जुड़े।
पुर्तगाल के मोरिन्हो से जब पूछा गया कि क्या वह आने वाले सत्र में वापसी कर पाएंगे। इस पर मोरिन्हो ने वेंगर पर हमला बोला।
द इंडिपेंडेट ने बुधवार को मोरिन्हो के हवाले से लिखा, “यहां कुछ ऐसे कोच भी हैं जिन्होंने अपना आखिरी खिताब 10 साल पहले जीता था। मुझे एक साल हुआ है।”
वेंगर इस समय इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में एक टीम के साथ सबसे ज्यादा समय तक रहने वाले कोच हैं। उन्होंने 2003-2004 सत्र के बाद से कोई भी खिताब नहीं जीता है।
आर्सेनल 2015-16 के ईपीएल सत्र में दूसरे स्थान पर रही थी और चेल्सी की टीम को 10वां स्थान मिला था।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2014 में चेल्सी और आर्सेनल के बीच हुए मैच में दोनों कोचों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई थी।
मोरिन्हो ने वेंगर को असफलता का विशेषज्ञ व्यक्ति बताया था।
dharmpath.com dharmpath