भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव सहित राज्य सरकार के अनेक मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई और शुभकामनाएं दी है।
राज्यपाल यादव ने कहा है कि ईद-उल-फितर खुशियों का गुलदस्ता और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला त्योहार है। ईद हमें आपसी सौहार्द्र और सदभाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने भाईचारे के इस त्योहार को परम्परानुसार मनाने की अपील करते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली और तरक्की की कामना की है।
वाणिज्य, उद्योग और रोजगार, प्रवासी भारतीय तथा खनिज मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर के मौके पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि रमजान के पवित्र माह के बाद मनाया जाने वाला यह पर्व सबके साथ अपनी खुशिया बांटने का त्योहार है। यह पर्व सामाजिक सदभाव का प्रतीक है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि इबादत, संयम और समर्पण के पवित्र माह रमजान के बाद ईद पर्व का अवसर ढेरों खुशिया लेकर आया है। उन्होंने सभी को ईद की दिली मुबारकबाद देते हुए कहा कि सभी की दुआओं से प्रदेश अमन-चैन से तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
जनसंपर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह त्योहार मिलकर पर्व मनाने की परम्परा के कारण मुस्लिम भाइयों के साथ ही सभी वर्ग के लिए हर्षोल्लास का त्योहार बन जाता है। डॉ. मिश्रा ने उम्मीद जताई कि प्रदेश में आपसी सदभाव और प्रेम के वातावरण में ईद का पर्व मनाया जाएगा।
सहकारिता एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास (स्वतंत्र प्रभार) तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेशवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सारंग ने कहा, “ईद पर्व प्रदेश की गंगा-जमुनी संस्कृति का प्रतीक है। सभी लोग सौहार्द्र के साथ इस पर्व को मनाते हैं और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath