पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर पर देशवासियों और प्रदेशवासियों को बधाई और मुबारकबाद दी है।
राज्यपाल कोविंद ने अपने संदेश में कहा कि ईद-उल-फितर का पर्व प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाता है। उन्होंने लोगों से एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भावना को अधिक मजबूती प्रदान करने की अपील की।
उन्होंने भाईचारे के इस पर्व को परम्परानुसार मनाने की अपील की और प्रदेशवासियों की खुशहाली और तरक्की की कामना की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुसलमान भाइयों-बहनों को ईद की मुबारकवाद दी।
उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों और रोजे से रोजेदारों के घर परिवार के साथ ही प्रदेश और देश में शांति एवं समद्धि आए तथा समाज में अमन चैन और भाईचारा कायम रहे।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “ईद का दिन इनाम का दिन है। खुदा-ए-ताला इस मुबारक दिन पर अपने नेक बंदों को इनाम से नवाजते हैं। खुदा-ए-ताला हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और हम सबों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि से भरा रहे।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ईद का त्योहार पारस्परिक एकता, शांति और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।
dharmpath.com dharmpath