मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान ईद के मौके पर बुधवार को रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘सुल्तान’ के साथ टिकट खिड़कियों पर उत्सव की रौनक ले आए।
ईद की तारीख में बदलाव से भी फिल्म के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा है। व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी।
मुंबई के वितरक राजेश थडानी ने आईएएनएस को बताया, “फिल्म की ओपनिंग शानदार रही। मुझे लगा था कि ईद गुरुवार को है, इसलिए फिल्म के कलेक्शन पर असर पड़ेगा, लेकिन यह शानदार रहा। पहले दिन यानी बुधवार को करीब 90 प्रतिशत दर्शक सिनेमाघरों में पहुंचे और मुझे लगता है कि फिल्म पहले दिन 40 करोड़ रुपये के करीब कमाई कर लेगी।”
थडानी ने कहा कि गुरुवार को फिल्म की कमाई और ज्यादा होगी।
पीवीआर पिक्चर्स के सीईओ कमल ज्ञानचंदानी के मुताबिक, फिल्म ने उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन किया है।
ज्ञानचंदानी ने कहा, “‘सुल्तान’ एक बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करेगी। (बुधवार) सुबह से सिनेमाघरों में करीब 85 से 90 प्रतिशत दर्शक उपस्थित थे।”
फिल्म की इतनी शानदार शुरुआत का प्रमुख कारण केवल सलमान खान के बेशुमार प्रशंसक ही नहीं है, बल्कि यह भी है कि ईद अभिनेता के लिए भाग्यशाली है। ईद के मौके पर रिलीज हुई उनकी सभी फिल्मों ने अच्छी कमाई की है।
अली अब्बास जफर निर्देशित ‘सुल्तान’ के कारण सिनेमाघरों में अच्छी-खासी चहल पहल है।
सलमान फिल्म में हरियाणा के एक पहलवान की भूमिका में नजर आएंगे, जो देश के लिए मेडल जीतने का प्रयास करता है, लेकिन हार जाता है। फिल्म की कहानी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में पहलवानी का कौशल फिर से खोजने के उनके प्रयास पर आधारित है।
‘इनॉक्स लेजर लिमिटेड’ के प्रोग्रामिंग और वितरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा, “इनॉक्स सिनेमाघरों में ‘सुल्तान’ की ओपनिंग हाउसफुल रही है। दर्शक फिल्म को पसंद कर रहे हैं। साप्ताहांत के लिए फिल्म की एडवांस बुकिंग होना बेहद खास बात है। इसे देखते हुए हमें उम्मीद है कि ‘सुल्तान’ साप्ताहांत में सबसे ज्यादा अच्छी शुरुआत और शायद सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड कायम करेगी।”
वितरक सुनील बंसल ने कहा कि फिल्म को व्यावसायिक सफलता के साथ ही आलोचकों की भी सराहना मिली है।
उन्होंने कहा, “‘सुल्तान’ की शुरुआत शानदार रही और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली है। सिनेमा में सलमान के प्रशंसक बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं और पूरी फिल्म में तालियां और सीटियां बजा रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath