केरला ब्लास्टर्स ने हाओकिप के साथ करार किया

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे संस्करण के लिए फ्रेंचाइजी केरला ब्लास्टर्स ने गुरुवार को सेमबोई के नाम से मशहूर भारतीय स्ट्राइकर थोंगखोसेम हाओकिप के साथ करार किया है।

गोवा के लिए पिछले सत्र में छह मैचों में चार गोल करने वाले 22 वर्षीय स्ट्राइकर इस सत्र में केरला की तरफ से खेलते नजर आएंगे।

हाओकिप ने अपने करियर की शुरुआत पुणे एफसी की युवा अकादमी के साथ की थी। वह अंडर-20 आई-लीग टूर्नामेंट में हैट्रिक लगाने वाले अकादमी के पहले खिलाड़ी बने थे।

वह 2014-15 के आई-लीग सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे थे। तब इस युवा खिलाड़ी ने 18 मैचों में सात गोल किए थे।

हाओकिप ने आईएसएल के पिछले सत्र में एक और हैट्रिक लगाई थी। वह भारत के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईएसएल और आई-लीग दोनों में हैट्रिक लगाई है।

हाओकिप ने एक बयान में कहा, “मैं केरला ब्लास्टर्स का हिस्सा बन उत्साहित हूं और उम्मीद करता हूं कि कोच और प्रबंधन द्वारा मुझ पर जो भरोसा दिखाया गया है उस पर खरा उतरूंगा। मैं अपनी नई टीम और कोच स्टीव कोपेल के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”

फ्रेंचाइजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन डी सिल्वा ने कहा, “हम युवा हाओकिप का केरला ब्लास्टर्स परिवार में स्वागत करते हैं। पिछले सत्र में एफसी गोवा में उनके प्रदर्शन से हम काफी प्रभावित हुए थे। हमें उम्मीद है कि वह उसी फॉर्म को जारी रखेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493