पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। खराब मौसम और जलजमाव की समस्या ने मौजूदा चैम्पियन पटना पाइरेट्स के समर्थकों के जोश को कम नहीं किया और वे बड़ी संख्या में स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी सीजन-4 में अपने घर में अपना पहला मैच खेल रही अपनी टीम के समर्थन में पटलीपुत्र स्पोर्ट्स काम्पलेक्स पहुंचे।
बीते कई दिनों से पटना और आसपास के इलाकों में बारिश हो रही थी। गुरुवार को हालांकि बारिश नहीं हुई लेकिन बीते दिनों हुई बारिश का असर पूरे शहर, खासतौर पर निचले इलाकों में देखा जा सकता था। इन सब बातों को नजरअंदाज करते हुए लगभग 1500 दर्शकों ने स्टेडियम का रुख किया।
इस स्टेडियम की क्षमता 1770 है और इस लिहाज से पाइरेट्स को अपने समर्थकों का भरपूर समर्थन मिला, ऐसा करने में कोई गलती नहीं होगी। इसी समर्थन के दम पर पाइरेट्स ने बेंगलुरू बुल्स के साथ जमकर पंगा लिया और 31-25 के अंतर से मैच जीतते हुए अपने घर में खाता खोला।
इस जीत ने पाइरेट्स को आठ टीमों की तालिका में 20 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। उसने इस सीजन में अब तक खेले गए अपने सभी चार मैच जीते हैं और पटना में उसे अभी और दो मैच खेलने हैं। ये मैच जीतकर यह टीम तालिका में शीर्ष पर पहुंच सकती है।
पाइरेट्स के जुनूनी समर्थकों ने अपनी टीम के हर एक मूव पर तालियां बजाईं। यह मैच 8 बजे से खेला जाना था लेकिन शाम 6 बजे से ही दर्शको का जमावड़ा शुरू हो गया था, जो 7.30 तक अपने चरम पर पहुंच गया।
dharmpath.com dharmpath