नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। पवित्र महीने रमजान के समापन के साथ ही गुरुवार को पूरे देश में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुशी और उमंग के साथ भाईचारे का पर्व ईद मनाया। मुस्लिम समुदाय के साथ अन्य धर्मो और पंथों के लोगों ने भी इस पर्व की मिलजुकर खुशियां मनाईं।
उप-राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी और कहा, “ईद-उल-फितर के उल्लासपूर्ण अवसर पर मैं देश के सभी नागरिकों को अपना हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”
इरफान खान सहित फिल्म जगत की अनेक हस्तियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए ईद की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश में सुबह से ही राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, झांसी, गोरखपुर, आगरा, इलाहाबाद, मेरठ में लोग ईद की नमाज अदा करने मस्जिदों व ईदगाहों में पहुंचे। लखनऊ में इस बार महिलाओं के लिए ईद की नमाज अदा करने के उद्देश्य से ऐशबाग ईदगाह में अलग से इंतजाम किया गया था। ईद की नमाज के मद्देनजर शहरों में जगह-जगह यातायात मार्गो में बदलाव किए गए हैं।
प्रदेश के नए मुख्य सचिव दीपक सिंघल भी नमाज अदा करने से पहले ईदगाह पहुंचे और वहां की व्यवस्था का जायजा लिया।
उधर, मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल के ईदगाह में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। यहां मुस्लिम भाइयों ने देश की खुशहाली और अमन चैन की दुआ मांगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी ईदगाह पहुंचे और उन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने भी प्रदेश के मुसलमान भाइयों को ईद की दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार देश की गंगा-जमुनी संस्कृति की याद दिलाता है। उन्होंने देश में अमन-चैन, भाईचारे की कामना की।
राजस्थान में शहर के बाहरी इलाके में स्थित ईदगाह में हजारों लोग इकट्ठा हुए और ईद की नमाज अदा की। ऑल इंडिया दारुल कजत (एआईडीक्यू) के अध्यक्ष खालिद उस्मानी ने यहां आईएएनएस से कहा, “लगभग चार से पांच लाख लोगों ने आज ईदगाह में नमाज अदा की। हमने शांति व समृद्धि के लिए खुदा से इबादत की।”
उस्मानी ने कहा कि इस मौके पर उन्होंने मुसलमानों से आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होने की भी अपील की।
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईद के मौके पर मुसलमानों को बधाई दी।
महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर जमकर मानसूनी बारिश हुई। इसके बावजूद ईद के जश्न में कोई कमी नहीं दिखी। महाराष्ट्र के ठाणे, पालघर, रत्नागिरि, पुणे, नाशिक, बीड, औरंगाबाद और महाराष्ट्र के कई अन्य इलाकों में छिटपुट बारिश देखी गई।
महाराष्ट्र में शिया समुदाय जिसमें दाऊदी बोहरा भी शामिल थे, उन्होंने मंगलवार को ईद मनाई, जबकि अन्य संप्रदाय ने गुरुवार को ईद मनाई।
बांग्लादेश में हाल की आतंकवादी घटनाओं के मद्देनजर मुंबई समेत समूचे प्रदेश में पुलिस ने ईल उल फितर के अवसर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे।
उत्तराखंड में राज्यपाल के.के. पॉल और मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य के मुस्लिम समुदाय को ईद की बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह त्योहार दुनियाभर में शांति और समृद्धि लाएगा।
पहाड़ी राज्य में मौलवी कल्बे सादिक की घोषणा के बाद शिया समुदाय ने बुधवार को ईद का जश्न मनाया। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों से भी शांतिपूर्ण माहौल मेंईद मनाए जाने की खबर है।
dharmpath.com dharmpath