कोलकाता, 7 जुलाई (आईएएनएस)। दो संदिग्ध आतंकियों को पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के संदिग्ध मददगार मुहम्मद मसीउद्दीन उर्फ मूसा का सहयोगी होने का भी आरोप है।
सद्दाम हुसन उर्फ कालिया एवं शेख अब्बासुद्दीन उर्फआमीन को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। इनको एक अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने इन्हें 21 जुलाई तक पुलिस हिरासत में सौंप दिया।
आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने इनके खिलाफ राजद्रोह का आरोप भी लगाया है। पूछताछ में पता चला है कि मसीउद्दीन उर्फ मूसा आईएस सहित विदेशी आतंकियों के संपर्क में था।
मूसा को बर्दवान जिले के एक रेलवे स्टेशन से मंगलवार को 13 इंच के एक छुरा और देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा गया था। उसे शुरू में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।
सीआईडी के उप आरक्षी महानिरीक्षक (अभियान) दिलीप कुमार अडाक ने बताया, “पूछताछ में उनकी आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के बहुत सारे सबूत मिले हैं। इसलिए हमलोगों ने उसके खिलाफ भारत सरकार के खिलाफ राजद्रोह का आरोप धारा 121 और ऐसा करने के लिए साजिश रचने का आरोप 121 ए लगाया है।”
आईएस से संपर्क के संदेह में इस साल अब तक चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath