नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के विधायकों का विवादों में घिरना जारी है। अब आप विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ छेड़छाड़ व बदसुलूकी का मामला दर्ज कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने आईएएनएस को बताया, “छेड़छाड़, बदसुलूकी और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।”
दिल्ली के देवली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जारवाल ने स्वयं पर लगे आरोपों का खंडन किया है।
रंजन ने कहा कि घटना दो जुलाई को उस वक्त घटी जब संगम विहार निवासी महिला ग्रेटर कैलाश इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर में शिकायत दर्ज कराने गई थी।
आरोप है कि आप विधायक जारवाल और उनके समर्थकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
यह पूछे जाने पर कि क्या पीड़िता प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने सर्वप्रथम उपराज्यपाल नजीब जंग और पुलिस आयुक्त के पास गई थी? रंजन ने कहा, “पीड़िता ने उसी दिन सभी लोगों को अपनी शिकायत भेज दी थी।”
इस बीच, जारवाल ने ट्विटर पर एक पोस्ट में लिखा, “मुझ पर लगा छेड़छाड़ का आरोप बेबुनियाद है। यह एक गंदा राजनीतिक खेल है।”
जारवाल को मई 2014 में संगम विहार स्थित दिल्ली जल बोर्ड के एक कनिष्ठ अभियंता (जूनियर इंजीनियर) पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
इससे पूर्व, आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कराया जा चुका है।
dharmpath.com dharmpath