बीजिंग, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक से पहले विश्व व्यापार संगठन ने एक नए सूचक की शुरुआत की है, जो वैश्विक व्यापार में लघु अवधि के रुझान की भविष्यवाणी करेगा।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, नए विश्व व्यापार दृष्टिकोण संकेतक (डब्ल्यूटीओआई) को शुक्रवार को चीन के हांगझोऊ प्रांत में एक कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया, जहां सितंबर में जी-20 देशों के सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इसमें तीसरी तिमाही में विश्व व्यापार में मामूली मंदी की बात कही गई है।
इस संकेतक पर 100 अंकों का मतलब है कि व्यापार का विकास तालमेल के साथ हो रहा है। लेकिन वर्तमान में यह 99 पर है, जिसका मतलब व्यापार में थोड़ी मंदी का होना है।
डब्ल्यूटीओ के महानिदेशक रॉबटरे एजेवेडो का कहना है, “हम आर्थिक अस्थिरता और कम विकास के दौर में रह रहे हैं। जैसा की संकेतक दिखा रहा है कि आनेवाले महीनों में इसमें तुरंत किसी महत्वपूर्ण बदलाव का कोई संकेत नहीं है।”
डब्ल्यूटीओ ने अनुमान लगाया है कि वैश्विक कारोबार की वृद्धि दर में लगातार पांचवें साल तीन फीसदी की कम बनी रहेगी।
इस दौरान, निर्यात ऑर्डर के सूचकांक 101.3 अंकों पर और कृषि कच्चा माल का सूचकांक 106.5 अंकों पर है, जो अगले तीन महीनों में हल्की बढ़त का संकेत देता है।
जिन अन्य सेक्टरों के सूचकांक में वर्तमान मंदी के माहौल का असर दिख रहा है, उनमें वाहन (100 अंक), अंतर्राष्ट्रीय हवाई माल भाड़ा और समुद्री माल ढुलाई शामिल है, जिनमें कमजोरी का संकेत है और इन्हें क्रमश: 98 और 97.1 अंक मिले हैं।
नए डब्ल्यूटीआई ने माल व्यापार की मात्रा (96.9 अंक) और बिजली के उपकरण (95 अंक) में थोड़ी कमी का संकेत दिया है।
dharmpath.com dharmpath