प्रो कबड्डी लीग : वॉरियर्स को हरा दूसरे पायदान पर पहुंची पल्टन (लीड-1)

पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। कप्तान मनजीत और सोनू नरवाल के बेहतरीन खेल की बदौलत पुनेरी पल्टन ने स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के चौथे संस्करण में शनिवार को पटलीपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल गए मुकाबले में बंगाल वॉरियर्स को सात अंकों से हरा दिया। पल्टन ने बंगाल को रोचक मुकाबले में 31-38 से मात दी।

छह मैचों के बाद पांचवें पायदान पर रहे पल्टन इस जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए और टूर्नामेंट में टीम ने वापसी सुनिश्चित कर ली है।

पल्टन ने इस मुकाबले में पहले हाफ की समाप्ति तक 22-10 की बढ़त हासिल कर ली थी। वॉरियर्स ने दूसरे हाफ में वापसी की पुरजोर कोशिश की और कुल 21 अंक भी हासिल करने में कामयाबी पाई। लेकिन वे मैच अपने नाम नहीं कर सके।

वॉरियर्स ने दूसरे हाफ में लगातार अंक बटोरते हुए एकसमय मैच को रोमांचक बना दिया था। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पल्टन ने अंत तक मुकाबले पर अपनी बढ़त बनाए रखी और जीत हासिल की।

रेड से 12 अंक हासिल करने वाले बंगाल के नितिन मदाने को रेडर ऑफ द मैच चुना गया। मदाने का टूर्नामेंट में 37 रेड अंक हो गए हैं और वह इस मामले में चौथे स्थान पर हैं। पल्टन के मंजीत चिल्लर को डिफेंडर ऑफ द मैच चुना गया। मंजीत कुल 23 टैकल अंक के साथ टूर्नामेंट में मोहित चिल्लर के बाद दूसरे स्थान पर हैं। पल्टन के ही जोगिंदर नरवाल को मैन ऑन द मैट का खिताब मिला।

रेड से पल्टन की टीम ने 20 और बंगाल की टीम ने 16 अंक जोड़े। टैकल से पल्टन ने 10 अंक अपने नाम किए जबकि बंगाल की टीम टैकल से नौ अंक हासिल कर पाई।

दोनों टीमों के हिस्से में चार-चार अतिरिक्त अंक आए। पल्टन ने चार ऑल आउट अंक अपने नाम किए। बंगाल की टीम दो ऑल आउट अंक ही हासिल कर पाई।

पुनेरी पलटन की ओर से मंजीत ने 11 अंक, दीपक हुड्डा ने पांच, अजय ठाकुर ने चार, सोनू नरवाल ने सात, जोगिंदर नरवाल ने तीन अंक हासिल किए जबकि बंगाल वॉरियर्स की ओर से नितिन मदाने ने 12, जान कुन ली और निलेश शिंदे ने तीन-तीन, अमित ने चार, सी अरुण, विशाल माने तथा रवींद्र ने एक-एक अंक जुटाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493