मोदी ने अफ्रीका में सौर माताओं से बातचीत की

दारेस्सलाम, 10 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां भारत सरकार के कार्यक्रमों के तहत सौर ऊर्जा के दोहन में प्रशिक्षित विभिन्न अफ्रीकी देशों की महिलाओं के एक समूह सौर माताओं के साथ बातचीत की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर कहा, “प्रधानमंत्री भारतीय विकास मदद के तहत व्यावसायिक कौशल में प्रशिक्षित महिलाओं के साथ बातचीत कर रहे हैं।”

मोदी ने जब एक सौर माता से पूछा कि वह कितने समय से सौर परियोजनाओं पर काम कर रही हैं, तो उन्होंने कहा कि वह नौ वर्षो से यह कर रही हैं।

राजस्थान में स्थित अजमेर के तिलोनिया का ‘बारफुट कॉलेज’ भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न विकासशील देशों की ग्रामीण सौर इंजीनियर महिलाओं को घरेलू सौर प्रकाश प्रणाली में प्रशिक्षण और बढ़ावा दे रहा है। इनमें अफ्रीकी देशों की महिलाएं भी शामिल हैं।

तंजानिया के जंजीबार द्वीप में और अफ्रीका के कुछ अन्य देशों में सौर विद्युतीकरण कौशल प्रदान करने और सौर किट वितरण के लिए ‘बारफुट महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण कॉलेज’ स्थापित किया गया है।

इन कॉलेजों में मधुमक्खी पालन और सिलाई जैसे अन्य व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

महिलाओं ने रविवार को मोदी के साथ मुलाकात के दौरान उन्हें विभिन्न उत्पाद भी दिखाए, जो उन्होंने इन कॉलेजों से मिले व्यावसायिक प्रशिक्षण के बाद बनाए हैं।

मोदी अफ्रीका के चार देशों की यात्रा के तीसरे चरण में शनिवार रात तंजानिया पहुंचे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493