राजकीय सम्मान के साथ होगा फुटबाल कोच अमल का अंतिम संस्कार

कोलकाता, 11 जुलाई (आईएएनएस)। देश के पहले पेशेवर फुटबाल कोच अमल दत्ता का अंतिम संस्कार सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह घोषणा की।

भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अमल ने रविवार को शहर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे।

अमल के परिवार में अब उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

बनर्जी ने कहा, “अमल एक दिग्गज फुटबाल कोच थे और उनका निधन एक बड़ा नुकसान है। वह बंगाल का गर्व हैं और उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।”

राज्य सरकार के मंत्रियों तथा वर्तमान और पूर्व फुटबाल खिलाड़ियों के साथ बनर्जी ने यहां रवींद्र सदन में अमल को श्रद्धांजलि दी।

अमल का अंतिम संस्कार शहर के शवदाह गृह में होगा।

देश के पहले फुटबाल कोच ने कई नई संरचनाओं का निर्माण किया, जिसमें ‘डायमंड प्रणाली’ भी शामिल है।

एक खिलाड़ी के तौर पर अपने करियर के दौरान अमल ने मनीला में हुए 1954 एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

संन्यास के बाद वह एक साल के लिए एफए कोचिंग कोर्स के लिए इंग्लैंड चले गए।

अमल अपने करियर में ईस्ट बंगाल और मोहन बागान क्लब से जुड़े रहे। वह 1987 नेहरू गोल्ड कप के दौरान भारतीय टीम के तकनीकी निदेशक भी रहे।

अमल ने 1996 में राजनीति में भी हाथ आजमाया। उन्होंने कलकत्ता के कलकत्ता उत्तर पश्चिम संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन वह जीत नहीं पाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493