हमने मौके गंवाए : डेसचैम्प्स

पेरिस, 11 जुलाई (आईएएनएस)। पुर्तगाल से यूरो फुटबाल चैम्पियनशिप के फाइनल में मिली हार से निराश फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा है कि उनके खिलाड़ियों ने धैर्य से काम नहीं लिया और गोल करने के कई मौके गंवाए।

पुर्तगाल ने कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो के मैदान से बाहर जाने के बावजूद मेजबान फ्रांस को 1-0 से हराकर पहली बार यूरो कप खिताब पर कब्जा जमाया है। उसके लिए ईडर ने अतिरिक्त समय में गोल कर टीम को जीत दिलाई।

यूईएफए की आधिकारिक वेबसाइट पर डेसचैम्प्स के हवाले से लिखा गया है, “यूरो कप जीतने का मौका हमने गंवा दिया है। जाहिर सी बात है हम निराश हैं। इस तरह का फाइनल हारना बुरा है। मुझे पुर्तगाल को बधाई देनी होगी।”

कोच ने कहा, “साफ तौर पर हमारे पास मौके थे, लेकिन उसके लिए हम तैयार नहीं थे। हमने धैर्य से काम भी नहीं लिया, लेकिन मैं अपने खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ नहीं कह सकता। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। मुझे नहीं लगता कि हम किसी भी तरह मैच में रुके।”

1998 में फ्रांस को विश्व कप और 2000 में यूरो कप का ताज दिलाने वाले फ्रांस के पूर्व कप्तान डेसचैम्प्स ने कहा, “मैं अपने खिलाड़ियों के लिए दुखी हूं। उन्हें सहज स्थिति में लाने के लिए शब्द नहीं हैं। यह मुश्किल है, बेहद मुश्किल। यह हमारे प्रशंसकों के लिए भी मुश्किल है जो चाहते थे कि हम ट्रॉफी जीतें।”

फ्रांस के मुख्य कोच ने कहा कि फाइनल में हारने के बाद भी टीम इस टूर्नामेंट से काफी कुछ सीख कर जाएगी।

उन्होंने कहा, “हम प्रशंसकों के लिए यह ट्रॉफी जीतना चाहते थे। इसके कुछ सकारात्मक पहलू भी हैं, लेकिन इस समय उन्हें देख पाना मुश्किल है। हमने पिछले कुछ सप्ताह और महीनों से जो अनुभव प्राप्त किया वह अच्छा है। मैं सिर्फ निराश हूं। हम लाखों समर्थकों के लिए यह ट्रॉफी जीत सकते थे।”

कोच ने कहा, “मैं आज रात अपने बारे में सोचूंगा। अन्य खिलाड़ियों की तरह इससे उबरने में मुझे कुछ समय लगेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493