नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को कश्मीर में हिंसक विरोध प्रदर्शन में मारे गए लोगों के प्रति दुख और संवेदना व्यक्त की और कश्मीर घाटी के ताजा हालात पर चिंता जताई।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष आजाद ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में जल्द से जल्द कानून-व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए।
आजाद ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “इस समय जम्मू एवं कश्मीर में बिना एक भी और जीवन को गंवाए जितना जल्दी हो सके कानून-व्यवस्था बहाल किया जाना जरूरी है।”
आजाद ने हिंसक झड़पों में अब तक घायल हुए 200 नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जम्मू एवं कश्मीर में लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले दो दशकों में हासिल की गई राजनीतिक उपलब्धियों को हाथ से निकलने नहीं देना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath