नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने रूस के सबसे बड़े वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय औद्योगिक व्यापार मेले ‘इनोप्रॉम 2016’ में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। भारत ‘इनोप्रॉम 2016’ में भागीदार देश है।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारत ने 10 जुलाई को ‘इनोप्रॉम 2016’ के उद्घाटन समारोह में विनिर्माण और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) निर्मला सीतारमण ने किया।
उद्घाटन समारोह के अन्य मुख्य अतिथियों में रूसी संघ के व्यापार एवं उद्योग मंत्री डेनिस मंतुरोव और रूस के सव्र्डलोवस्क क्षेत्र के गवर्नर एवजेनी कुइवाशेव भी उपस्थित थे।
वाणिज्य मंत्रालय के बयान के मुताबिक, इस अवसर पर निर्मला सीतारमण ने कहा, “इनोप्रॉम 2016 में भागीदार देश होने पर हमें गर्व है। इनोप्रॉम 2016 में भाग ले रही भारतीय कंपनियां ‘ब्रांड इंडिया इंजीनियरिंग’ अभियान के तहत इंजीनियरिंग एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी। भारत-रूस द्विपक्षीय व्यापार में बढ़ोतरी की अपार संभावनाएं हैं। चाहे महंगा इंजीनियरिंग क्षेत्र हो अथवा विनिर्माण, भारत गुणवत्ता, विश्वसनीयता और टिकाऊपन का पर्याय बनने की दिशा में अग्रसर है।”
सीतारमण ने रूस के व्यापार एवं उद्योग मंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की और भारत-रूस औद्योगिक एवं व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करने के लिए विभिन्न बारीकियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने भारत-रूस व्यावसायिक फोरम की बैठक में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने भारत और रूस के व्यवसायियों के बीच मजबूत रिश्तों पर विशेष जोर दिया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू एवं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और रूस व भारत के व्यावसायिक समुदाय के विभिन्न अन्य महत्वपूर्ण सदस्यों की मौजूदगी में सीतारमण एवं डेनिस मंतुरोव ने सोमवार को भारतीय पवेलियन का औपचारिक उद्घाटन किया।
व्यापार मेले में आयोजित की गई भारतीय प्रदर्शनी लगभग 3,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली है। तकनीकी एवं इंजीनियरिंग व्यापार मेले में 110 कंपनियां (100 से भी ज्यादा मंडपों में फैली हुईं) भाग ले रही हैं, जिनमें भारी उद्योग विभाग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत फोर्ज, सन ग्रुप, एनटीपीसी, एनएचपीसी और एस डिजाइनर्स भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath