नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना (डीडीयूजीजेवाई) के तहत पिछले सप्ताह (चार से 10 जुलाई) देश के 138 गांवों में बिजली पहुंचाई गई। इनमें से चार गांव अरुणाचल प्रदेश में, 95 गांव असम में, सात गांव झारखंड में, सात गांव राजस्थान में, दो गांव मध्य प्रदेश में, 16 गांव ओडिशा में और सात गांव बिहार में हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते हुए कहा था कि 1000 दिनों यानी एक मई, 2018 तक देश के बचे 18,452 गांवों में बिजली पहुंचा दी जाएगी।
विद्यत मंत्रालय की ओर से यहां जारी बयान के अनुसार, अबतक 8,819 गांवों को विद्युतीकृत किया जा चुका है, यानी बिजली पहुंचाई जा चुकी है। बचे हुए 9633 गांवों में से 487 गांव निर्जन स्थानों में हैं। 6,138 गांवों का विद्युतीकरण ग्रिड के माध्यम से किया जाना है, 2,675 गांवों का ऑफ ग्रिड के माध्यम से विद्युतीकरण किया जाना है, क्योंकि भौगोलिक बाधाओं के कारण इन गांवों में ग्रिड द्वारा विद्युतीकरण नहीं किया जा सकता और 333 गांवों में राज्य सरकार द्वारा विद्युतीकरण किया जा रहा है।
बयान के अनुसार, अप्रैल 2015 से 14 अगस्त, 2015 तक 1654 गांवों का विद्युतीकरण भारत सरकार द्वारा मिशन की तरह किया गया, साथ ही 7,165 गांवों का 15 अगस्त, 2015 से 10 जुलाई, 2016 के दौरान विद्युतीकरण किया गया।
dharmpath.com dharmpath