‘आईएएएफ ने खिलाड़ियों की अपील को गंभीरता से नहीं लिया’

मास्को, 11 जुलाई (आईएएनएस)। रूस के खेल मंत्री विताली मुतको ने सोमवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स संघ (आईएएएफ) ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए रूसी एथलिटों द्वारा दायर की गई अपीलों को लेकर गंभीरता से नहीं लिया।

मुतको ने कहा है कि संघ खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने से पहले उनकी अपील पढ़ने की भी जहमत नहीं उठा रहा है।

समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, आईएएएफ ने अमेरिका में अभ्यास कर रहीं लंबी कूद खिलाड़ी दारया क्लिशिना को छोड़ कर रूस के सभी खिलाड़ियों की अगले महीने शुरू होने वाले रियो ओलम्पिक सहित अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील को खारिज कर दिया है।

मुतको ने कहा, “आईएएएफ का खिलाड़ियों की अपीलों को न पढ़ना काफी विवादास्पद और समझ से परे है। दारया क्लिशिना के अलावा दो-तीन और खिलाड़ी हैं जो विदेशों में अभ्यास करते हैं।”

तास को मिली जानकारी के अनुसार इटली में विताली पेट्रोव की देखरेख में अभ्यास कर रहीं जूनियर वॉल्ट विश्व चैम्पियन अल्योना लुतकोव्यस्काया को भी आईएएएफ ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से वंचित रखा है।

आईएएएफ परिषद ने 17 जून को एक फैसले में कहा था कि रूस के वही खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल सकेंगे जो अपने आप को डोपिंग मामलों में बेकसूर साबित कर सकेंगे।

रूस ओलम्पिक समिति और 68 रूसी खिलाड़ियों ने खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में आईएएएफ के फैसले को चुनौती दी थी।

सीएएस इस मामले में अगली सुनवाई 19 जुलाई को करेगा और 21 जुलाई को अपना फैसला सुनाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493