टोक्यो, 12 जुलाई (आईएएनएस)। जापान सरकार ने 2011 में हुई परमाणु दुर्घटना के कारण विकिरण से प्रभावित फुकुशिमा के दो इलाकों को खाली कराने का आदेश मंगलवार को वापस ले लिया है। इसके बाद 10,000 लोग अपने घर वापस लौट सकेंगे।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ के मुताबिक, दोनों इलाके परमाणु ऊर्जा संयंत्र के करीब 25 किलोमीटर उत्तर में मिनामिसोमा शहर में हैं और इनमें 3,487 घर और 10,807 लोगों की आबादी है।
सरकारी अधिकारी ने कहा कि करीब 63,000 लोगों की आबादी वाला यह शहर एक घर वाले एक इलाके को छोड़ कर फिर से पूरी तरह रहने योग्य हो जाएगा।
हालांकि कई लोग यहां वापस नहीं लौटना चाहते।
सर्वेक्षणों के मुताबिक, परमाणु विकिरण के कारण अपना घर छोड़ने वालों में से 30 से 50 प्रतिशत परिवार इस बात को लेकर अनिश्चित हैं कि वे अपने घर वापस लौटेंगे या नहीं।
फुकुशिमा के आठ नगर निगमों में अभी भी ऐसे इलाके हैं, जो निकासी क्षेत्र में शामिल हैं। इन इलाकों को तीन भिन्न वर्गो में विभाजित किया गया है।
सरकार ने मार्च 2017 तक तीसरे वर्ग के इलाके के अतिरिक्त शेष इलाकों को खाली कराने का आदेश हटाने का फैसला किया है। तीसरे वर्ग में वे इलाके हैं, जिनमें विकिरण का स्तर रहने के लिए काफी अधिक है।
रिहायशी इलाकों की सफाई और परिशोधन का काम पूरा कर लिया गया है और अब सड़कों और खेतों में यह काम किया जा रहा है।
11 मार्च, 2011 में आए भूकंप और सुनामी के कारण फुकुशिमा संयंत्र में हुई परमाणु दुर्घटना बेहद घातक थी।
dharmpath.com dharmpath