मुंबई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। साल 2016 की दूसरी तिमाही में वैश्विक स्तर पर कुल 6.43 करोड़ इकाई पीसी (पर्सनल कंप्यूटर) का शिपमेंट हुआ है, जो साल 2015 की इसी अवधि की तुलना में 5.2 फीसदी कम है। मार्केट रिसर्च कंपनी गार्टनर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पीसी शिपमेंट में गिरावट की यह लगातार सातवीं तिमाही है, लेकिन गार्टनर एनालिस्ट्स के मुताबिक, बाजार में सुधार के भी कुछ संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि उत्तरी अमेरिका में पीसी शिपमेंट में पांच तिमाही के दौैरान पहली बार बढ़ोतरी हुई है।
गार्टनर के प्रधान विश्लेषक मिकाको कितागावा ने एक बयान में कहा, “पीसी बाजार में एक बड़ी समस्या कुछ क्षेत्रों में कीमतों का बढ़ना है, क्योंकि इन क्षेत्रों में स्थानीय करेंसी में डॉलर के मुकाबले गिरावट आई है। कीमत के मुद्दे ने ईएमईए (यूरोप, मध्य पूर्व व अफ्रीका) तथा लैटिन अमेरिकी क्षेत्रों पर प्रभाव डाला है।”
वैश्विक पीसी शिपमेंट में लेनेवो ने साल 2016 की लगातार दूसरी तिमाही में शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इसमें 2.2 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।
लगातार चार तिमाही तक गिरावट के बाद एचपी इंक के शिपमेंट में साल 2016 की दूसरी तिमाही में सकारात्मक वृद्धि देखी गई है।
डेल के मोबाइल पीसी शिपमेंट में ईएमईए को छोड़कर सभी क्षेत्रों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में इसके डेस्कटॉप पीसी शिपमेंट में गिरावट देखी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2016 की दूसरी तिमाही में वैश्विक पीसी शिपमेंट में आसुस, एप्पल तथा एसर चौथे पायदान के लिए संघर्षरत हैं।
dharmpath.com dharmpath