वेइना (चीन), 12 जुलाई (आईएएनएस)। चीन की अंडर-17 टीम ने कप्तान लियु रुओफान की ओर से किए गए दो गोलों की बदौलत यहां सिल्क रोड कप यूथ फुटबाल टूर्नामेंट-2016 के पहले मुकाबले में तुर्कमेनिस्तान को 4-1 से हरा दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 17 वर्षीय लियु ने मुकाबले के 11वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद अगले 10 मिनट में काई हाओचांग और ताओ कियांगलोंग ने दो गोल किए और चीन ने 3-0 से बढ़त बना ली।
मैच देखने आए 10,000 प्रशंसकों के समर्थन से उत्साहित चीन के खिलाड़ियों ने मुकाबले में अच्छी पकड़ बनाए रखी। लियु ने 28वें मिनट में अपना दूसरा और टीम की ओर से चौथा गोल किया।
तुर्कमेनिस्तान के लिए इल्या सालोव 86वें मिनट में एकमात्र गोल कर सके, लेकिन चीन से जीतने के लिए यह काफी नहीं था।
चीनी टीम के कोच वेन झिजुन ने कहा कि वह वेईना में हुई बेहतरीन शुरुआत से काफी खुश हैं। खिलाड़ियों ने मैदान पर अच्छा काम किया।
टूर्नामेंट में सोमवार को हुए एक अन्य मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने ताजिकिस्तान को 3-1 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath