योजनाओं के एकीकरण से किसानों की आय बढ़ेगी : मेघवाल (लीड-1)

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न बैंकिंग व बीमा योजनाओं के पारस्परिक प्रभाव व एकीकरण से किसानों की आय में इजाफा होगा।

मेघवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एक क्रांतिकारी योजना है, लेकिन सभी राज्यों ने इसे अभी तक लागू नहीं किया है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन व अटल पेंशन योजना बेहतरीन योजनाएं हैं। जब इन सभी योजनाओं को एकीकृत कर दिया जाएगा, तो किसानों की आय में इजाफा होगा।”

वित्त राज्यमंत्री ने साल 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने को लेकर नाबार्ड के स्थापना दिवस पर आयोजित एक संगोष्ठी में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, बागवानी समन्वित विकास मिशन, राष्ट्रीय कृषि बाजार एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी कई योजनाएं हैं, जिनके एकीकरण से किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।

मेघवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने की सरकारी मिशन की घोषणा की है, ताकि किसानों की समस्या का जड़ से और सदा के लिए समाधान सुनिश्चित हो सके।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सात रणनीतियों-सिंचाई पर ध्यान, गुणवत्तापूर्ण बीज व स्वस्थ मिट्टी, गोदामों व शीतगृहों में निवेश, खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से मूल्य संवर्धन, एक राष्ट्रीय कृषि बाजार की स्थापना, नई फसल बीमा योजना, मवेशी पालन, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन तथा मत्स्य पालन जैसी सहायक गतिविधियों को बढ़ावा देना- के क्रियान्वयन के लिए सभी एजेंसियों को मिलकर काम करना चाहिए।

मेघवाल ने विशेषज्ञों से अपील की कि वे तरीके सुझाएं, जिससे किसानों की आय बढ़े और वह दोगुनी हो। उन्होंने किसानों को कौशल प्रदान करने पर भी जोर दिया, ताकि वे गैर कृषि कार्यो को भी अंजाम दे सकें।

नाबार्ड के अध्यक्ष हर्ष कुमार भंवाला ने कहा कि छोटे तथा सीमांत जोत वाले किसान कुल किसानी के 85 फीसदी हैं और साल 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का काम चुनौतीपूर्ण है, लेकिन असंभव नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493