मुंबई, 13 जुलाई (आईएएनएस)। दिग्गज लेखक सआदत हसन मंटो की कहानी पर आधारित निर्देशक केतन मेहता की फिल्म ‘टोबा टेक सिंह’ को लंदन भारतीय फिल्मोत्सव (एलआईएफएफ) के समापन समारोह में दिखाया जाएगा। निर्देशक का कहना है कि दक्षिण एशियाई समुदाय को यह फिल्म काफी पसंद आएगी।
एलआईएफएफ समारोह का आयोजन लंदन में 14 सो 24 जुलाई तक होगा।
मेहता ने आईएएनएस को बताया, “देश के विभाजन के समय के बारे में बताने वाली महत्वपूर्ण कहानियों में से एक है मंटो की ‘टोबा टेक सिंह’। यह भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय लोगों की मन:स्थितियों और दुविधाओं को भलीभांति दर्शाती है।”
निदेशक ने कहा, “हम बहुत खुश हैं कि इस फिल्म को लंदन भारतीय फिल्मोत्सव के समापन समारोह के लिए चुना गया है। मैं आश्वस्त हूं कि दर्शकों को यह फिल्म काफी पसंद आएगी।”
‘टोबा टेक सिंह’ की कहानी मानसिक रोगियों के संस्थान में रह रहे बिशन सिंह के इर्द-गिर्द घूमती रहती है, जो 15 साल से नहीं सोया और बार-बार एक ही सवाल दोहराता है कि टोबा टेक सिंह कहां है? यह उसके गांव का नाम है।
इस फिल्म में पंकज कपूर ने बिशन सिंह का किरदार निभाया है।
dharmpath.com dharmpath