भूटान में पनबिजली परियोजना का संशोधित लागत अनुमान मंजूर

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भूटान में क्रियान्वित की जा रही 1020 मेगावाट की पुनतसंगछू-दो पनबिजली परियोजना (एचईपी) के लिए 7290.62 करोड़ रुपये के संशोधित लागत अनुमान को बुधवार को मंजूरी दे दी। मौजूदा समय में इस परियोजना की कुल लागत वृद्धि 3512.82 करोड़ रुपये है।

इस परियोजना के तहत अधिशेष बिजली भारत को मुहैया कराई जाएगी और इसके साथ ही देश में बिजली की उपलब्धता बढ़ जाएगी।

यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पुनतसंगछू-दो पनबिजली परियोजना के क्रियान्वयन के लिए भारत और भूटान के बीच अप्रैल, 2010 में 3777.8 करोड़ रुपये की मंजूर लागत (मार्च 2009 का मूल्य स्तर) के साथ द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके लिए भारत सरकार द्वारा 30 फीसदी अनुदान और 10 फीसदी वार्षिक ब्याज पर 70 फीसदी कर्ज के रूप में वित्तपोषण किया गया है, जिसे 30 समान अर्ध-वार्षिक किस्तों में वापस अदा किया जाएगा।

बयान के अनुसार, इस परियोजना की लागत कई कारणों से बढ़ गई है। मार्च 2009 से लेकर मार्च 2015 के बीच दर्ज की गई महंगाई, सतह पॉवर हाउस को बदलकर भूमिगत पॉवर हाउस किया जाना, क्षमता को 990 मेगावाट से बढ़ाकर 1020 मेगावाट किया जाना, भूटान के राष्ट्रीय पारेषण ग्रिड मास्टर प्लान की वजह से अतिरिक्त आवश्यकताएं और परियोजना के दौरान प्रतिकूल भूगर्भीय हालात का सामना करना इन कारणों में शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493