तुकी अरुणाचल के मुख्यमंत्री बहाल (लीड-1)

ईटानगर/गुवाहाटी, 14 जुलाई (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल तथागत रॉय ने गुरुवार को नबाम तुकी को फिर से राज्य का मुख्यमंत्री बहाल कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी और बताया कि तुकी को 16 जुलाई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहा गया है।

ईटानगर स्थित राज्यपाल के सरकारी आवास राजभवन के प्रवक्ता आटुम पोटोम ने कहा, “सर्वोच्च न्यायालय के 13 जुलाई के फैसले का पालन करते हुए राज्यपाल ने नबाम तुकी को सूचित कर दिया है कि वह तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री पद पर बहाल हो गए हैं।”

तुकी से जल्द से जल्द विधानसभा सत्र बुलाने और 16 जुलाई तक बहुमत साबित करने के लिए भी कहा गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल जे. पी. राजखोवा की अनुपस्थिति में कार्यवाहक राज्यपाल तथागत रॉय ने विधानसभा की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलना सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी किए जाने और ध्वनिमत की बजाय मत विभाजन के जरिए बहुमत साबित किए जाने की बात कही।

पोटोम ने बताया कि इस संबंध में विधानसभा सचिव को भी एक पत्र भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा, “राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि सर्वोच्च न्यायालय के छह मई, 2016 को निर्धारित दिशा-निर्देश के अनुसार विधानसभा की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी होनी चाहिए।”

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड बनाम हरीश रावत मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रपति शासन से संबंधित मामलों के लिए यह दिशा-निर्देश जारी किया था।

इस बीच तुकी को अपदस्थ कर इसी वर्ष फरवरी में मुख्यमंत्री बने बागी कांग्रेस नेता कलिखो पुल ने दावा किया कि वह अभी भी राज्य के मुख्यमंत्री हैं, क्योंकि बहुमत उनके साथ है और उन्हें 30 अन्य विधायकों का समर्थन हासिल है।

पुल ने गुरुवार को गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला दे तो दिया है, लेकिन विधानसभा में अंतत: बहुमत साबित करना होगा। इस समय मुझे 43 विधायकों का समर्थन हासिल है। इन 43 विधायकों में खुद कलिखो को लेकर पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) के 30 विधायक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 11 विधायक और दो निर्दलीय विधायक शामिल हैं।”

कलिखो पुल ने कहा कि तुकी को इस समय सिर्फ कांग्रेस के 15 विधायकों का समर्थन हासिल है।

वहीं तुकी ने दावा किया है कि बहुमत उनके साथ है और वह बहुमत साबित कर लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493