नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। नवनियुक्त कप्तान सुशीला चानू के नेतृत्व में भारतीय महिला हॉकी टीम आगामी ओलम्पिक खेलों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को अमेरिका दौरे के लिए रवाना होगी।
इस दौरे के दौरान भारतीय टीम, अमेरिका और कनाडा के खिलाफ पांच अभ्यास मैच खेलेगी।
इसमें भारतीय महिला हॉकी टीम कनाडा के खिलाफ तीन और अमेरिका के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेगी। यह अंमित दौरा होगा।
अमेरिका दौरे के लिए भारतीय टीम में सुशीला के अलावा उपकप्तान दीपिका ठाकुर, नवजोत कौर, दीप ग्रेस एक्का, मोनिका, निक्की प्रधान और वंदना कटारिया जैसी खिलाड़ी शामिल हैं।
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच नील हेगवुड ने अपने एक बयान में कहा, “हमने टीम के लिए बेहतरीन खिलाड़ियों को चुना है, जिन्होंने पूर्ण रूप से मैरिट के तर्ज पर अपना स्थान हासिल किया है। इन खिलाड़ियों ने इस स्थान को हासिल करने के लिए अपना बेहतर प्रदर्शन किया है।”
कोच ने कहा, “ऐसा पहली बार हो रहा है कि टीम ओलम्पिक खेलों में शामिल होने के अनुभव को महसूस करने जा रही है। उन सभी के लिए यह एक खास पल है। इस टीम में शामिल हर एथलीट मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत है।”
हेगवुड ने यह भी कहा कि भले ही यह उनके लिए एक बेहतरीन अवसर हो, लेकिन इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी शामिल है। रियो ओलम्पिक से पहले का हर मैच महत्वपूर्ण है।
कप्तान सुशीला ने कहा, “इस दौरे को रियो ओलम्पिक के लिए अभ्यास के तौर पर देखा जा रहा है और यहां से हर कदम हमें अपने सपने के करीब लेकर जाएगा। हर खिलाड़ी का एक ही लक्ष्य है और कोच ने हमें काफी समर्थन और आत्मविश्वास दिया। अब हमारी बारी है अपना बेहतरीन प्रदर्शन देने की।”
dharmpath.com dharmpath