तुकी राज्यपाल से मिले, शक्ति परीक्षण के लिए 10 दिन मांगा

गुवाहाटी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी ने शुक्रवार को राज्यपाल तथागत रॉय से मुलाकात की और सदन में बहुमत साबित करने के लिए 10 दिनों का समय मांगा।

तुकी ने राज भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, “मैंने आज राज्यपाल से मुलाकात की और सदन में बहुमत साबित करने के लिए 10 दिनों का वक्त मांगा। यह हर तरफ से कटा हुआ राज्य है और मौसम भी बरसात का है। हमारे अधिकांश विधायक राज्य से बाहर हैं और वे शनिवार को सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे।”

तुकी ने गुरुवार रात राज्यपाल को एक पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईटानगर पहुंचने के बाद सदन में बहुमत साबित करने के लिए उन्हें केवल 48 घंटे का समय मिला है। उन्होंने कहा, “मेरे अधिकांश विधायक शहर से बाहर हैं और मैं उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा हूं।” तुकी ने कहा कि अधिकांश लोगों को तो जानकारी भी नहीं है, क्योंकि उन्होंने गुरुवार को कार्यभार संभाला है।

अपने पत्र में उन्होंने शक्ति परीक्षण को लेकर सरकारिया आयोग की सिफारिशों का भी जिक्र किया, जिसके मुताबिक बहुमत साबित करने के लिए मुख्यमंत्री को उचित समय मिलना चाहिए और उन्होंने उचित समय के रूप में 30 दिनों का जिक्र किया।

रॉय के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में तुकी ने कहा, “राज्यपाल ने मुझसे कहा है कि वह कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे और उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे। मुझे उम्मीद है कि मेरी अपील पर वह ध्यान देंगे।”

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल ने दावा किया कि 60 सदस्यीय विधानसभा में उन्हें 42 विधायकों का समर्थन है। दो सदस्यों के इस्तीफे के बाद सदन में 58 विधायक बचे हैं।

गुवाहाटी के एक होटल में 42 विधायकों के साथ बीते दो दिनों से आसन जमाए पुल ने आशंका जताई कि अगर शक्ति परीक्षण के लिए अधिक समय दिया गया, तो विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्रयास किया जा सकता है।

उन्होंने हालांकि 42 विधायकों के समर्थन का भरोसा जताते हुए कहा कि शक्ति परीक्षण में वह तुकी को आसानी से हरा देंगे।

सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का पालन करते हुए बुधवार को रॉय ने तुकी को राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर काबिज कर दिया और बहुमत साबित करने के लिए शनिवार को सदन का सत्र बुलाने को कहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493