अंकारा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। तुर्की के प्रधानमंत्री बिनाली यिलदिरिम ने शनिवार को कहा कि तुर्की में बीती रात सैन्य तख्तापलट की साजिश तुर्की के लोकतंत्र में काले धब्बे की तरह है।
समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ के अनुसार, प्रधानमंत्री यिलदिरिम ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में सैन्य तख्तापलट की साजिश में शामिल लोगों को आतंकवादी की संज्ञा दी और साथ ही कहा कि तुर्की ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
यिलदिरिम ने कहा कि तख्तापलट की वारदात में 161 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1,440 लोग घायल हुए हैं।
वहीं समाचार चैनल बीबीसी ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा है कि गिरफ्तार किए गए सैन्य तख्तापलट की कोशिश में शामिल सशस्त्र बलों के जवानों में साधारण सैनिकों से लेकर उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
यिलदिरिम ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों ने तख्तापलट की साजिश को नाकाम करने में अपनी जान की बाजी लगा दी।
गार्डियन ने यिलदिरिम के हवाले से कहा, “सैन्य तख्तापलट में शामिल लोगों के खिलाफ तुर्की के कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी और उन्हें उसी के अनुरूप दंड दिया जाएगा।”
तख्तापलट में शामिल लोगों के लिए फिर से मौत की सजा बहाल किए जाने के सवाल पर यिलदिरिम ने कहा कि तुर्की की सरकार इस पर कानूनी बदलाव के बारे में विचार करेगी।
उन्होंने कहा, “राजद्रोह करने वाले इन लोगों को देश कभी नहीं भूलेगा। तख्तापलट का पहला चरण खत्म हो चुका है।”
यिलदिरिम शनिवार को एक संसदीय बैठक में हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath