आस्ट्रेलिया ओलम्पिक समिति ने टेल्स्ट्रा कंपनी पर किया मुकदमा

कैनबरा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की ओलम्पिक समिति (एओसी) ने देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी टेल्स्ट्रा के खिलाफ उसके विज्ञापन ‘आई गो टू रियो’ को लेकर संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है।

एओसी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि टेल्स्ट्रा देश की जनता को यह अहसास दिलाकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रही है कि वह आस्ट्रेलिया की ओलम्पिक टीम की प्रायोजक है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एओसी ने कहा है कि दोनों पक्षों ने 2015 में आम सहमति से अपने करार को रद्द कर दिया था। इसलिए एओसी टेल्स्ट्रा के मौजूदा अभियान को धोखाधड़ी का प्रयास मानती है।

चैनल सेवन पर चल रहे विज्ञापन के मुताबिक टेल्स्ट्रा चैनल के ओलम्पिक खेलों के प्रसारण का आधिकारिक तकनीकी साझेदार है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार एओसी द्वारा कानूनी कदम उठाने के बाद कंपनी ने अपने विज्ञापन में बदलाव किए हैं।

टेल्स्ट्रा के प्रवक्ता ने कहा कि यह विज्ञापन चैनल सेवन नेटवर्क के साथ कंपनी की मौजूदा व्यापारिक नीति को प्रदर्शित करता है। चैनल आस्ट्रेलिया में ओलम्पिक खेलों का प्रसारण करेगा।

टेल्स्ट्रा के प्रवक्ता ने कहा, “हमारा मौजूदा विज्ञापन हमारे व्यापारिक कार्यक्रम को प्रमोट करता है। टेल्स्ट्रा के ग्राहक इसके जरिए सेवन एप का मुफ्त में उपयोग कर सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493