प्रधानमंत्री कश्मीरी युवाओं की मानसिकता समझें : बीजद

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को केंद्र और जम्मू एवं कश्मीर की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्णत: नाकाम रहने का आरोप लगाया और मांग की कि प्रदेश के युवाओं की मानसिकता समझने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तत्काल कदम उठाने चाहिए।

लोकसभा में बीजद नेता भर्तृहरी महताब ने यहां आईएएनएस से कहा, “यह केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि उससे ऊपर की बात है। केंद्र व राज्य की पीडीपी-भाजपा सरकार उचित कार्रवाई करने में नाकाम रही है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी इस तरह के प्रदर्शनों व हिंसा की आशंका का अनुमान लगाने में नाकाम रही हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि युवाओं तक हर तरह के प्रयास पहुंचने चाहिए, क्योंकि केवल पैकेजों से काम नहीं चलेगा।

सांसद ने कहा, “मुद्दों और मानसिकता को अच्छी तरह से समझने की जरूरत है। ऐसा लगता है कि पैकेजों से वहां के युवाओं को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लगभग तीन-चार दिनों तक राज्य व केंद्र सरकार कार्रवाई करने में नाकाम रही।”

उन्होंने कहा, “इन सभी मुद्दों पर संसद के मॉनसून सत्र में चर्चा की जरूरत है, जो सोमवार से शुरू हो रहा है।”

महताब ने कहा कि बीजद मजबूती से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिनियम के पक्ष में है और उन्होंने गतिरोध खत्म करने के लिए वरिष्ठ मंत्रियों तथा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद व आनंद शर्मा के बीच बैठक का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के मद्देनजर, अरुणाचल प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम पर भी सत्र के दौरान चर्चा होगी।

महताब ने कहा, “विपक्षी पार्टियों को इन सभी मुद्दे उठाने चाहिए और मैं चाहूंगा कि सरकार उनपर विस्तार से चर्चा करने में मदद करे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493