तुर्की में खेलने गए भारतीय बच्चे सुरक्षित : सुषमा

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वाराज ने शनिवार को कहा कि तुर्की में अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गए भारतीय बच्चे और अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। तुर्की में बीती रात सेना के एक समूह द्वारा तख्तापलट की कोशिशों के बीच अराजकता का माहौल है, जिसमें 160 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

सुषमा ने शनिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि तुर्की के काला सागर के तटवर्ती शहर ट्राबजोन में 11 से विश्व स्कूल चैम्पियनशिप का आयोजन चल रहा है, जिसका समापन 18 जुलाई को होना था।

उल्लेखनीय है कि ट्राबजोन राजधानी अंकारा से 700 किलोमीटर की दूरी पर है और सैन्य तख्तापलट का वहां खास असर नहीं है।

तुर्की में सैन्य तख्तापलट की कोशिशों को भी नाकाम किया जा चुका है और तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एरदोगन ने कहा है कि तुर्की पर उनका पूरा कमान है।

सुषमा ने ट्वीट किया, “तुर्की के ट्राबजोन में 148 भारतीय बच्चे और 38 अधिकारी हैं। यह सभी सुरक्षित हैं।”

तुर्की में शुक्रवार की रात हुई तख्तापलट की कोशिश में तकरीबन 1,500 से ज्यादा लोग घायल हैं जिसमें पुलिस वाले भी शामिल हैं।

तुर्की के प्रधानमंत्री बिनाली यिलदिरीम ने बताया कि शनिवार सुबह तक आम नागरिकों ने सैन्य टुकड़ी की तख्तापलट की कोशिशों को उखाड़ फेंका और इस दौरान 2,839 अधिकारियों और जवानों को हिरासत में ले लिया गया।

इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (आईएसएफ) की वेबसाइट पर एक वक्तव्य जारी कर कहा गया है कि आयोजकों ने प्रतिभागियों और अधिकारियों को खेल गांव में ही रखने का फैसला किया है।

बयान में कहा गया है, “तुर्की में चल रही चैम्पियनशिप को लेकर आयोजकों और आईएसएफ ने तय किया है कि अगले निर्देश तक सभी प्रतिनिधिमंडलोंको ओलम्पिक गांव में ही रखा जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493