उप्र कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस की नई टीम के भव्य स्वागत की रणनीति बनाई है। इन दोनों की अगुवाई में कांग्रेस के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल कर 403 सदस्यीय विधानसभा में अपनी सदस्य संख्या बढ़ाने की बड़ी चुनौती है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि कांग्रेस महासचिव और पार्टी के प्रांतीय प्रभारी गुलाम नबी आजाद और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर 17 जुलाई को लखनऊ पहुंचेंगे। पहले उन्हें 16 जुलाई को राजधानी पहुंचना था।
उन्होंने बताया कि आजाद और बब्बर के साथ पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित, चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह तथा समन्वय समिति के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी भी लखनऊ पहुंचेंगे।
इस टीम के पहली बार लखनऊ पहुंचने के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं का पार्टी मुख्यालय आने का आह्वान करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि नई टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा।
दिल्ली की 15 साल तक मुख्यमंत्री रह चुकीं 78 साल की शीला दीक्षित को गुरुवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसके दो दिन पहले ही पूर्व सांसद राज बब्बर को निर्मल खत्री की जगह उत्तर प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया था।
त्रिपाठी ने बताया कि एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक रास्ते भर कांग्रेस नेताओं का काफिला चलकर एयरपोर्ट से एयरपोर्ट तिराहा, अवध चौराहा, बंगला बाजार चौराहा, कैलाश पुरी मोड़, मेजर यदुनाथ चौराहा, लोको चौकी चौराहा, केकेसी कालेज के सामने से, पीसीएफ बिल्डिंग, राणा प्रताप चौराहा (हुसैनगंज चौराहा), बर्लिग्टन चौराहा, रायल होटल चौराहा, कैपिटल तिराहा व हजरतगंज चौराहा पहुंचकर ये कांग्रेस नेता गांधीजी की प्रतिमा, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
इसके बाद इनका काफिला जिला पूर्ति कार्यालय चौराहा, सचिवालय के पीछे से होते हुए एनेक्सी तिराहा, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से सुन्नी वक्फ बोर्ड कार्यालय होते हुए माल एवेन्यू चैराहा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेगा। रास्ते भर कांग्रेसजनों द्वारा चौराहों पर इनका स्वागत किया जाएगा। सभी रास्तों को होर्डिग, झंडियों व बैनरों से सजाया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath