सिवनी, 17 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले स्थित पेंच टाइगर रिजर्व में रविवार को एक बाघ का शव मिला। मौत की वजह बाघों का आपसी संघर्ष माना जा रहा है। मरे बाघ की उम्र चार वर्ष थी।
क्षेत्र संचालक शुभरंजन सेन ने बताया कि कर्माझिरी परिक्षेत्र के सतोशा बीट में बाघ का शव मिला है। उसकी छाती में गहरा घाव है, बाईं ओर की पसली टूटी हुई है और पंजों से हमले के निशान हैं।
बाघ के शव की प्राथमिक जांच में मौत दूसरे बाघ के हमले से होना प्रतीत हो रही है। उसकी मौत का मुख्य कारण श्वसन तंत्र बिगड़ना पाया गया है।
क्षेत्र संचालक सेन का कहना है कि जिस स्थान पर बाघ का शव पाया गया है, वहीं पास में एक बाघ-बाघिन भी तीन-चार दिन से देखे जा रहे थे। आशंका है कि क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई में बाघ ने हमला किया गया होगा। यह बाघ हाल ही में अपने तीन भाई-बहनों और मां से अलग हुआ था। पार्क प्रबंधन द्वारा दिसंबर, 2015 में ली गई तस्वीर में यह बाघ अपने परिवार के साथ देखा गया था।
dharmpath.com dharmpath