नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में सोमवार को मध्य प्रदेश से सांसद दलपत सिंह परस्ते और छह अन्य पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। परस्ते का एक जून को निधन हो गया था।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मध्य प्रदेश के शहडोल से सांसद परस्ते और नील ओब्रायन सहित छह अन्य पूर्व सासंदों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी। नील 11वीं लोकसभा के सदस्य थे।
सदन ने प्रभुलाल रावत (आठवीं और 10वीं लोकसभा), शकीलुर रहमान (नौंवी), प्रवीण राष्ट्रपाल (13वीं), के.अनिरुद्धन (चौथी) और रुद्र माधव रे (15वीं) को श्रद्धांजलि दी।
सदन में दिवंगतों के सम्मानस्वरूप दो मिनट का मौन रखा गया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नए मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर सहित मंत्रिमंडल के अन्य नए सदस्यों से सदन को परिचित कराया।
मेघालय के तुरा से नेशनल पीपुल्स पार्टी के कॉनराड संगमा ने भी सोमवार को सांसद के रूप में शपथ ली।
संगमा के पिता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी.ए.संगमा का मार्च 2016 में निधन हो गया था, जिसके बाद तुरा सीट खाली हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath