भोपाल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के तीन नगरीय निकायों में हुए चुनाव के नतीजे से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका लगा है। तीनों ही निकायों के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। साथ ही पार्षद पदों पर भी कांग्रेस के ही उम्मीदवार ज्यादा जीते हैं। इस जीत से कांग्रेस में जश्न है।
राज्य के सतना जिले की मैहर और रायसेन की मंडीदीप नगर पालिका परिषद तथा अशोकनगर ईसागढ़ की नगर परिषद के चुनाव हुए थे। इसकी मतगणना सोमवार को हुई। इन तीनों ही स्थानों के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, मैहर में कांग्रेस के धर्मेद्र घई ने भाजपा के धीरज पांडे को 4035, ईसागढ़ में भूपेंद्र नारायण द्विवेदी ने भाजपा के हरिबल्लभ को 1268 और मंडीदीप से बद्री सिंह चौहान ने राजेंद्र अग्रवाल केा 5311 वोटों के अंतर से हराया है।
इसके अलावा मैहर में कांग्रेस के 12 व भाजपा के 11 और एक बसपा का पार्षद जीता है। इसी तरह ईसागढ़ में कांग्रेस के 11 व भाजपा के चार तथा मंडीदीप में कांग्रेस के 13 व भाजपा के 12 तथा एक निर्दलीय पार्षद विजयी रहे हैं।
तीन नगरीय निकाय में मिली जीत पर कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को माला पहनाकर बधाई दी।
dharmpath.com dharmpath