नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। टेलीकॉम सेक्टर स्किल काउंसिल (टीएसएससी) तथा कॉग्निटेल ने सोमवार को गुड़गांव स्थित कॉग्निटेल में दूरसंचार उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के मौके पर टीएसससी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) लेफ्टिनेंट जनरल कोच्चर ने कहा कि दूरसंचार क्षेत्र के लिए यह एक बेहतरीन प्रयास है, जिससे उद्योगों के अनुमानों के मुताबिक, अगले पांच वर्षो में 76 लाख रोजगार के मौकों का सृजन होगा।
उन्होंने कहा, “दूरसंचार एक महत्वपूर्ण व्यापार है और इसमें भारी निवेश व प्रशिक्षण की जरूरत है। कॉग्निटेल जैसे संगठन निवेश व प्रशिक्षण के साथ क्षेत्र के लिए बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। कॉग्निटेल देश के दूरसंचार क्षेत्र में मानव संसाधन को कौशल युक्त बनाने के लिए इस तरह का पहला उत्कृष्टता केंद्र होगा। हमारा साझेदार कॉग्निटेल न केवल कौशलयुक्त श्रमशक्ति को उत्पन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि कुशल उद्यमी भी पैदा करता है।”
वहीं, कॉग्निटेल के मुख्य कार्यकारी राजीव काबरा ने कहा कि उनका संगठन प्रशिक्षण के लिए अति उन्नत उपकरणों व प्रयोगशाला बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा, “अच्छे प्रशिक्षक व अच्छा पाठ्यक्रम उनके संगठन की पहचान है। कॉग्निटेल युवाओं को सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के कई क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिनका इस्तेमाल दूरसंचार क्षेत्र द्वारा किया जा रहा है। कई युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर नौकरी कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath