मुझे रियो में बेहतर परिणाम की उम्मीद : विजय गोयल

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय खेल मंत्री और राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने सोमवार को कहा कि उन्हें अगले महीने ब्राजील के शहर रियो डी जनेरियो में शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे परिणामों की उम्मीद है।

भारतीय ओलम्पिक दल की आधिकारिक रवानगी के कार्यक्रम में उपस्थित रहे खेल मंत्री ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से कहा कि सिर्फ भगवान ही जानता है कि हम कितने पदक जीतेंगे।

हाल ही में हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में खेल मंत्री नियुक्त किए गए गोयल ने कहा, “सिर्फ भगवान ही जानता है कि हमारे हिस्से कितने पदक आएंगे। लेकिन मैं यह कह सकता हूं कि हमारे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने काफी मेहनत की है और हमने रियो ओलम्पिक से पहले उन्हें सारी सुविधा मुहैया कराई हैं और मुझे उम्मीद है कि हमारे परिणाम काफी अच्छे होंगे।”

भारतीय क्रिकेट में सुधारों के लिए देश की सर्वोच्च अदालत द्वारा नियुक्त की गई न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आर. एम. लोढ़ा समिति की सिफारिशों पर बोलते हुए गोयल ने कहा कि मैं खेल में स्वच्छता और पारदर्शिता चाहता हूं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा लोढ़ा समिति की सिफारिशों के लागू करने के सवाल पर गोयल ने कहा, “पहले बीसीसीआई समिति की सिफारिशों को देखेगा और लागू करेगा इसके बाद हमारा काम शुरू होगा।”

लोढ़ा समिति ने बोर्ड को आरटीआई के अंतर्गत लाने का फैसला संसद के ऊपर छोड़ा है, इस पर गोयल ने सावल को टालते हुए कहा कि वह यहां समिति की सिफारिशों पर चर्चा करने नहीं आए हैं।

गोयल ने कहा, “मैं यहां लोढ़ा समिति की हर एक सिफारिश पर बात करने नहीं आया हूं, लेकिन मैंने पहले भी कहा है कि मैं खेल में स्वच्छता और पारदर्शिता चाहता हूं।”

खेल को बढ़ावा देने को लेकर गोयल ने कहा कि उनका काम खेल को घर-घर तक पहुंचाना है।

खेल मंत्री ने कहा, “हमारा एक काम है पदक जीत कर लाना और दूसरा काम है गांव-गांव, कस्बे-कस्बे और शहर-शहर के अंदर खेल को पहुंचाना। जितने हमारे संसाधन हैं उनमें हमारी रणनीति यह होगी की हम खेल को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493