तृणमूल विधायक ने दिया नारद स्टिंग मामले की जांच में सहयोग का आश्वासन

कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के विधायक इकबाल अहमद ने मंगलवार को नारद न्यूज द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन की जांच में सहयोग का आश्वासन दिया।

इस स्टिंग में कई शीर्ष तृणमूल नेताओं को कथित तौर पर रिश्वत लेते दिखाया गया है।

अहमद को पुलिस की ओर से समन मिला है और वह मंगलवार को शहर के पुलिस मुख्यालय जाने वाले हैं।

हुगली जिले के खनकुल से विधायक अहमद ने कहा, “मुझे पुलिस ने समन भेजा है। मैं जाकर उन्हें सच्चाई बता दूंगा और जांच में सहयोग करूंगा।”

उन्होंने कहा, “मैं पुलिस से इस साजिश के जिम्मेदार लोगों को खोजने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह भी करूंगा।”

सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक पहले नेता हैं, जिन्हें पुलिस ने स्टिंग मामले में समन भेजा है।

पुलिस ने 13 जुलाई को स्टिंग में दिखाई देने वाले भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी एस. एम. एच मीरजा से भी पूछताछ की थी और उनका बयान दर्ज किया था।

मुख्यमंत्री और तृणमूल अध्यक्ष ममता बनर्जी ने स्टिंग के पीछे किसी साजिश का पता लगाने के लिए जून में नगर पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में जांच का आदेश दिया था।

शहर पुलिस नारद न्यूज के प्रधान संपादक मैथ्यू सैमुअल को भी दो बार समन भेज चुकी है, जिन्होंने यह स्टिंग किया था। लेकिन वह अभी तक पूछताछ के लिए पेश नही हुए हैं।

वह पुलिस को दो बार इस आधार पर समन वापस लेने के लिए लिख चुके हैं कि यह मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय में लंबित है।

सैमुअल पर मानहानि और धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493