बाबरी विवाद के मुद्दई हाशिम अंसारी का निधन

अयोध्या, 20 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर-बाबरी मस्जिद विवाद के मुद्दई हाशिम अंसारी का बुधवार तड़के पांच बजे निधन हो गया। वह 96 वर्ष के थे।

वह लंबे समय से श्वास और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।

उल्लेखनीय है विवादित ढांचे में रामलला की मूर्ति प्रकट होने के बाद फैजाबाद की कचहरी में बाबरी मस्जिद की तरफ से मुकदमा दायर करने वाले वह पहले पैरोकार थे।

‘चचा’ के नाम से लोकप्रिय अंसारी के निधन की खबर सुनते ही उनके घर पर लोगों का तांता लगना शुरू हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे अंसारी के निधन पर अयोध्या के कई संतो-महंतो ने भी शोक व्यक्त किया।

अंसारी के पुत्र इकबाल के मुताबिक, उनको बुधवार को शीश पैगंबर की मजार के पास स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

मंदिर आंदोलन के दौरान अयोध्या में तनाव रहने के बावजूद वह लोगों से शांति की अपील करते रहते थे। उनका हिन्दू और मुसलमान दोनों में बराबर का सम्मान था।

उनके निधन पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष और प्रसिद्घ हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञान दास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर-मस्जिद विवाद का सुलह समझौते से हल चाहने वाला व्यक्ति चला गया। एक पक्ष के पैरोकार होने के बावजूद अंसारी हमेशा दोनो पक्षों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493