बॉलीवुड ने ‘मदारी’ को सराहा

मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। हंसल मेहता, डेविड धवन और मधुर भंडारकर जैसे फिल्मकारों ने ‘मदारी’ फिल्म के विषय और इसमें कलाकारों के अभिनय को सराहा है। इन सभी ने फिल्म को रिलीज से पहले विशेष स्क्रीनिंग में देखा।

हंसल मेहता ने कहा, “मुझे लगता है कि यह असाधारण फिल्म है। ऐसी फिल्में और ऐसे विषय समय की मांग हैं। हमें जागरूकता फैलाने वाली फिल्मों की जरूरत है, जो अपनी कहानी से सो रहे देश को जगा सके।”

निशिकांत कामत द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मदारी’ में आम आदमी की दुर्दशा को दिखाया गया है, जो देश के शासन के तौर-तरीकों का शिकार हो जाता है।

फिल्म में इरफान एक पिता की भूमिका में हैं, जो एक दुर्घटना में अपने बेटे को खो देता है।

मधुर भंडारकर ने कहा, “निशिकांत बहुत अच्छे दोस्त हैं और अच्छे फिल्म निर्माता हैं। इरफान बहुत प्रतिभाशाली अभिनेता हैं। मैं खुश हूं कि फिल्म खबरों में है और मुझे यकीन है कि यह दर्शकों के लिए भी बेहतरीन होगी।”

आमतौर पर कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले डेविड धवन ने इस गंभीर फिल्म को सराहा।

उन्होंने कहा, “यह शानदार है। मैंने इसका आनंद लिया। निशिकांत सक्षम निर्देशक हैं। फिल्म बहुत अच्छी और मनोरंजक है। फिल्म की कहानी बहुत अच्छी है। संपादन भी शानदार है..आप अनुमान नहीं लगा सकते कि आगे क्या होने वाला है।”

यहां मंगलवार रात फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान में होमी अदजानिया, दिनेश विजान, सुधीर मिश्रा, अनुभव सिन्हा, नवदीप सिंह, तनूजा चंद्र और अशोक पंडित जैसी हस्तियां उपस्थित हुईं।

इसके अलावा, कार्तिक आर्यन, राहुल भट, जैकी भगनानी और गायक सुखविंदर सिंह भी स्क्रीनिंग में दिखाई दिए।

वहीं, इरफान फिल्म की प्रतिक्रिया को लेकर थोड़ा घबराए हुए दिखे। उन्होंने कहा, “मैं थोड़ा डरा हुआ हूं। फिल्म रिलीज होने के बाद ही कुछ कहना चाहूंगा। निर्देशकों की मौजूदगी में थोड़ा नर्वस था। नहीं तो, मुझे अनुमान है कि फिल्म लोगों के दिल को छुएगी। अभी तक तो हमें अच्छी प्रतिक्रियाएं ही मिली हैं।”

‘मदारी’ 22 जुलाई को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493