पटना, 20 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार राज्य निगरानी ब्यूरो ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी और कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडल पदाधिकारी डॉ़ जितेंद्र गुप्ता को बिहार सरकार ने बुधवार को निलंबित कर दिया।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि रिश्वत लेने के आरोपी मोहनिया के अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि हिरासत में 48 घंटे से अधिक रहने के कारण उनपर यह कार्रवाई की गई है। गुप्ता 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
उल्लेखनीय है कि निगरानी ब्यूरो की एक टीम ने 12 जुलाई को कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप में गुप्ता को गिरफ्तार किया था। गुप्ता पर ओवरलोडेड ट्रक छोड़ने के लिए 80 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है।
उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। वर्तमान समय में गुप्ता पटना के बेउर जेल में बंद हैं।
dharmpath.com dharmpath