नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश में अफ्रीकी नागरिकों के खिलाफ हाल में घटी घटनाएं प्रकृति से नस्लीय नहीं हैं। सरकार ने यह भी कहा कि वह भारत में अफ्रीकी छात्रों की सुरक्षा के लिए कदम उठा रही है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में कहा, “भारत में कोई नस्लीय भेदभाव नहीं होना चाहिए।”
कांगो के नागरिक मासोंदा केटाडा ओलिवियर की मई में दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में हुई हत्या पर विदेश मंत्री ने कहा कि कांगो के नागरिक की हत्या नस्लवाद की वजह से नहीं हुई। सीसीटीवी फुटेज इसका एक सबूत है कि उसे कुछ असामाजिक तत्व पीट रहे थे और उसके आसपास के लोग उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे।
विदेश मंत्री ने कहा, “जो उसे मार रहे थे, उन्होंने ओलिवियर को बचाने की कोशिश करने वालों की भी पिटाई की थी।”
मई में ही हैदराबाद में नाइजीरिया के 23 वर्षीय छात्र काजिम पर हुए हमले के बारे में सुषमा ने कहा, “दूसरी घटना नाइजीरिया के नागरिक के साथ पार्किं ग वाली जगह के विवाद को लेकर हुई। उन्होंने कहा, “मैं सदन को आश्वस्त करना चाहती हूं कि पिछले कुछ दिनों में अफ्रीकी नागरिकों के साथ घटी घटनाओं में से कोई भी नस्लीय घटना नहीं थी।”
अफ्रीकी छात्रों के खिलाफ हिंसा को रोकने के उपायों के बारे में मंत्री ने कहा कि सरकार कोशिश कर रही है कि इन छात्रों को कॉलेज में दाखिला, परिसर में छात्रावास की सुविधा के साथ मिले। यह एक ऐसा उपाय है जिससे सुनिश्चित होगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं हों।
सुषमा स्वराज ने यह भी कहा कि इस तरह की एक के बाद दूसरी घटनाओं को देखते हुए अफ्रीकी देशों के राजदूतों ने शुरू में सरकार को अफ्रीका दिवस स्थगित करने को कहा था, लेकिन उनके कनिष्ठ मंत्री वी.के. सिंह ने उन्हें भरोसा दिया कि दोषियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जाएगी।
अफ्रीकी देशों द्वारा भारतीयों के खिलाफ बदले की कार्रवाई करने के लिए बारे में पूछने पर विदेश मंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल कांगों की राजधानी किंशासा में घटीं जहां कुछ भारतीयों की दुकानों पर पत्थर फेंके गए।
सुषमा स्वराज ने कहा, “मैं सदस्यों से कहना चाहती हूं कि हमारे दूतावास ने उनके विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मुद्दा उठाया और हमने हमारे नागरिकों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।”
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्ववाली सरकार का अफ्रीकी देशों के साथ काम अभूतपूर्व है। इस सरकार के अंतर्गत अफ्रीका के साथ संबंध बढ़ा है।
dharmpath.com dharmpath